NTPC हादसा: टंडवा में निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर का काउंटर वेट गिरा, 3 मजदूरों की मौत, 2 घायल
NTPC हादसा :झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC परियोजना में बड़ा हादसा हुआ है। निर्माण कार्य के दौरान भारी काउंटर वेट गिरने से पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
झारखंड के चतरा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। टंडवा स्थित एनटीपीसी (NTPC) परियोजना में निर्माण कार्य के दौरान भारी काउंटर वेट गिरने से तीन मजदूरों की जान चली गई। वहीं, इस हादसे में दो अन्य मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। हादसे के बाद परियोजना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
NTPC परियोजना में कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 पर काउंटर वेट में वजन डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक भारी काउंटर वेट नीचे गिर गया। उस समय वहां पांच मजदूर काम कर रहे थे, जो इसकी चपेट में आ गए।
हादसा इतना गंभीर था कि एक मजदूर राजू सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों को एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से तत्काल संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो अन्य मजदूरों को भी मृत घोषित कर दिया। इस तरह हादसे में कुल तीन मजदूरों की मौत हो गई।
NTPC हादसा में तीन मजदूरों की हुई मौत, मृतकों की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मजदूरों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में बिहार निवासी बबलू सिंह (40 वर्ष), हजारीबाग निवासी बालेश्वर पासवान (42 वर्ष) और टंडवा निवासी राजू सोनू शामिल हैं।
वहीं, हादसे में घायल दो मजदूरों में एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रांची रेफर किया गया है। दूसरे घायल मजदूर का इलाज एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में चल रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख
एनटीपीसी परियोजना में हुए इस दर्दनाक हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के माध्यम से मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे से प्रभावित लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है।
सीएम हेमंत सोरेन ने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में एनटीपीसी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिल रही है। मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर लोग घटनास्थल पर डटे हुए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि परियोजना में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए थी। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल, हादसे के बाद परियोजना स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर बड़े औद्योगिक और निर्माण कार्यों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि हादसे के कारणों की जांच में क्या सामने आता है और प्रभावित परिवारों को कितना मुआवजा एवं सहायता मिलती है।
इसे भी पढ़े :-
निशा भगत केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, रांची में 3 जगह छापेमारी, आरोपियों से पूछताछ और क्राइम सीन री-क्रिएट |