champai soren join BJP on 30 august 2024: झारखंड के पूर्व सीएम और झामुमो के कद्दावर नेता चंपई सोरेन 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होंगे। इसको लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। चंपई के भाजपा में शामिल होने को लेकर अब सीएम हेमंत सोरेन की भाभी और भाजपा नेता SITA SOREN ने रिएक्शन दिया।
सीता सोरेन ने कहा कि जेएमएम पार्टी के लिए ये कोई नई बात नहीं है। एक के बाद एक बड़े नेता उनका साथ छोड़ रहे हैं। स्वर्गीय दुर्गा सोरेन जी झामुमो को ठीक से चलाना जानते थे। जो भी नेता अगर रूठ जाए, तो वह उसके घर जाकर मनाते थे। इसके चलते सभी नेता पार्टी के साथ जुड़े रहते थे।
जेएमएम पार्टी में आज किसी भी नेता का सम्मान नहीं
सीता सोरेन ने आगे कहा कि आज स्थिति ऐसी नहीं, जेएमएम पार्टी में आज किसी भी नेता का सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कि हेमंत जी को जेल यात्रा करना पड़ा, उस दौरान चंपई जी को सीएम बनाया गया, लेकिन कुछ वक्त के लिए।
सीता सोरेन ने कहा कि चंपई सोरेन बहुत बड़े नेता हैं, उन्होंने बाबा (शिबू सोरेन) के साथ झारखंड को अस्तित्व में लाने में भूमिका निभाई। दो महीने की बात थी, उन्हें (चंपई सोरेन) सम्मान दिया जाना चाहिए था। मुख्यमंत्री बने रहने देना चाहिए था।
सीता सोरेन ने कहा कि उनका (चंपई सोरेन) बहुत बड़ा अपमान हुआ है। वह कह रहे हैं कि वह इस अपमान को बर्दाश्त नहीं कर सकते। चंपई सोरेन ने पार्टी के खिलाफ कुछ नहीं कहा। वह हर परिस्थिति में पार्टी के साथ थे लेकिन ऐसी परिस्थिति आई कि उन्होंने यह फैसला लिया।
