रांची-गुमला मार्ग पर एक सप्ताह से लावारिस खड़ी 108 एंबुलेंस, टायर फटने के बाद गायब हुआ चालक
रांची-गुमला मार्ग पर इटकी के सेमरा गांव के पास एक 108 एंबुलेंस पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से लावारिस हालत में सड़क किनारे खड़ी है. 13 नवंबर को एंबुलेंस का अगला टायर फटने के बाद चालक वाहन को वहीं छोड़कर चला गया. इतने दिनों बाद भी एंबुलेंस को हटाने या उसकी मरम्मत कराने की पहल नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों के बीच सवाल उठने लगे हैं.
मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने के लिए संचालित 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़ा वाहन खुद सड़क किनारे लावारिस पड़ा है. इस घटना ने संबंधित विभाग की जिम्मेदारी और एंबुलेंस के रखरखाव को लेकर चिंता पैदा कर दी है.
रांची-गुमला मार्ग में टायर फटने के बाद सड़क किनारे छोड़ दी एंबुलेंस
ग्रामीणों के अनुसार, 13 नवंबर को 108 एंबुलेंस (JH-01-CH-6773) बेड़ो से रांची की ओर जा रही थी. इसी दौरान इटकी थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के समीप अचानक एंबुलेंस का अगला टायर फट गया. टायर फटने के बाद चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और वहां से चला गया.
इसके बाद से एंबुलेंस उसी स्थान पर खड़ी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन को वहां खड़े हुए एक सप्ताह से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब तक उसे हटाने या मरम्मत कराने के लिए कोई दिखाई नहीं दिया है.
किस अस्पताल की है एंबुलेंस, ग्रामीणों को नहीं जानकारी
सेमरा गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एंबुलेंस को लेकर स्थानीय लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों के मुताबिक, उन्हें यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है कि एंबुलेंस किस अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र या संबंधित एजेंसी की है.
लोगों का कहना है कि यदि वाहन में तकनीकी खराबी आ गई थी, तो उसे मरम्मत के लिए ले जाने की व्यवस्था की जानी चाहिए थी. लेकिन इतने दिनों तक एंबुलेंस को उसी जगह छोड़ देना समझ से परे है.
आपातकालीन सेवा की गाड़ी लावारिस, व्यवस्था पर उठे सवाल
108 एंबुलेंस सेवा का उद्देश्य दुर्घटना, बीमारी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना है. ऐसे में इस सेवा से जुड़ी एंबुलेंस का लंबे समय तक सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ा रहना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
स्थानीय ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जानकारी लेने और एंबुलेंस को जल्द सड़क किनारे से हटाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि वाहन की मरम्मत कराकर उसे दोबारा मरीजों की सेवा में लगाया जाना चाहिए, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा प्रभावित न हो.