अबुआ सरकार 2.0 ,अबकी बार फिर से हेमंत सरकार!! चौथी बार ली सीएम पद की शपथ, इंडिया गठबंधन के कई नेता रहे मौजूद
Hemant Sarkar: झारखंड में हेमंत सोरेन ने आज चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने हेमंत सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विधानसभा चुनाव में सोरेन ने भाजपा के गमलियाल हेम्ब्रम को 39,791 मतों के अंतर से हराकर बरहेट सीट पर जीत दर्ज की है।
शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन के पोस्टर पूरे रांची में लगे
Hemant Sarkar: JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन ने विधानसभा चुनाव में कुल 81 सीटों में 56 सीट हासिल करके अपना बहुमत बनाए रखा, जबकि BJP के नेतृत्व वाले NDA को 24 सीट मिलीं। शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन के पोस्टर पूरे रांची में देखे जा सकते हैं। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और यातायात नियम लागू कर दिए गए।
इंडिया ब्लॉक के तमाम नेता मौजूद
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, RJD नेता तेजस्वी यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और AAP नेता राघव चड्ढा हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे।
हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के शपथ ग्रहण के मद्देनजर रांची शहर में स्कूल बंद है। कांग्रेस की झारखंड इकाई के प्रभारी और पार्टी महासचिव गुलाम अहमद मीर ने कहा कि सिर्फ सोरेन शपथ लेंगे और विधानसभा में विश्वास मत के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।