JSSC की आधिकारिक सूचना के अनुसार JTGLCCE 2023 की प्रथम एवं द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 15 फरवरी 2026 से 21 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि तृतीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 24 फरवरी 2026 से 2 मार्च 2026 के बीच कराई जाएगी
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड तकनीकी एवं स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 (JTGLCCE) को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार JTGLCCE 2023 की परीक्षा कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा रांची स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन संख्या 18/2023 एवं 19/2023 के अंतर्गत आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा कार्यक्रम तय कर दिया गया है।
JSSC की आधिकारिक सूचना के अनुसार JTGLCCE 2023 की प्रथम एवं द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 15 फरवरी 2026 से 21 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि तृतीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 24 फरवरी 2026 से 2 मार्च 2026 के बीच कराई जाएगी। आयोग ने यह भी बताया है कि परीक्षा से संबंधित तिथि, समय एवं शिफ्ट की जानकारी अभ्यर्थियों को 8 फरवरी 2026 से उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से दी जाएगी, ताकि अभ्यर्थी समय रहते अपनी तैयारी पूरी कर सकें।
JSSC ने यह भी निर्देश दिया है कि JTGLCCE 2023 का एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से दो दिन पूर्व आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय पर वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ आवश्यक पहचान पत्र अवश्य लेकर जाएं। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने एक से अधिक पदों के लिए आवेदन किया है, उनका तृतीय प्रश्नपत्र अलग-अलग शिफ्टों में आयोजित किया जा सकता है।
आयोग ने परीक्षा के दौरान अनुशासन का विशेष ध्यान रखने की अपील की है और चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पाए जाने पर झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम 2023 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। JTGLCCE 2023 की परीक्षा को लेकर परीक्षा तिथियों की घोषणा के बाद राज्य भर के हजारों अभ्यर्थियों में हलचल तेज हो गई है और अब सभी उम्मीदवार अपनी अंतिम तैयारी में जुट गए हैं।
