रांची में साइबर अपराध पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 हिरासत में; 60 मोबाइल और ₹5 लाख बरामद
रांची: राजधानी रांची में साइबर अपराध की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई पंडरा ओपी क्षेत्र के पारासर टावर और तेल मिल गली में की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। मौके से करीब 60 मोबाइल फोन और लगभग 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, साइबर अपराध से जुड़े इनपुट मिलने के बाद पुलिस की टीम ने पंडरा ओपी क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मौके से बरामद डिजिटल डिवाइस और दस्तावेजों की भी गहन जांच कर रही है, ताकि साइबर अपराध से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके।इस कार्रवाई में सिटी एसपी, एएसपी कोतवाली समेत कोतवाली, डेली मार्केट, पंडरा और सुखदेव नगर थाने की पुलिस टीम मौजूद रही।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। बरामद मोबाइल फोन, नकदी और दस्तावेजों की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ एक अहम कदम माना जा रहा है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की आधिकारिक विस्तृत जानकारी और आगे की जांच का इंतजार है।
| इसे भी पड़े :- |